आज से बजट सत्र शुरू, इकनॉमिक सर्वे पेश करेंगी निर्मला सीतारमण, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

आज से बजट सत्र शुरू, इकनॉमिक सर्वे पेश करेंगी निर्मला सीतारमण, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष 31-Jan-2022

Description :

बजट सत्र के हंगामेदार होने के आसार

देश के पांच राज्यों में चुनावी गरमी अपने चरम पर है और इसका असर संसद सत्र पर भी पड़ना तय माना जा रहा है क्योंकि सरकार के साथ-साथ विपक्षी दल भी सदन के जरिए मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश करेंगे. ऐसे में एक बार फिर से सदन में हंगामेदार माहौल की आशंका बढ़ गई है.

31/01/2022 09:18:09

आज संसद में क्या-क्या होगा

  • सुबह 10 बजे पीएम मोदी मीडिया को संबोधित करेंगे
  • सुबह 10.55 बजे राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे
  • सुबह 11 बजे राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा
  • लोकसभा की कार्यवाही राष्ट्रपति अभीभाषण खत्म होने के आधे घंटे बाद शुरू होगी
  • पहले लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा
  • आर्थिक सर्वेक्षण पेश होने के बाद लोकसभा आज के लिए स्थगित होगी
  • दोपहर 2.30 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी
  • राज्यसभा में भी आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा
  • फिर राज्यसभा भी स्थगित हो जाएगी
  • शाम 3.45 बजे मुख्य आर्थिक सलाहकार मीडिया के सामने आएंगे

31/01/2022 09:17:09

बजट सत्र की शुरुआत के साथ संसद में पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे

राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरूआत होगी. उनके भाषण के समाप्ति के कुछ देर बाद लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण साल 2021-22 के लिए आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) रिपोर्ट पेश करेंगी. बजट के ठीक एक दिन पहले पेश होने वाले इकोनॉमिक सर्वे से खुलासा होगा कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने मौजूदा वित्तीय साल में कैसा प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में इसकी दिशा दिशा कैसी रहेगी. 

Union Budget Session 2022 Live Updates: संसद का बजट सत्र आज (31 जनवरी) से शुरू होने जा रहा है. साल का पहला सत्र होने के कारण परंपरा के अनुसार सत्र की शुरूआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) के अभिभाषण से होगी. कोरोना के लगातार बढ़ रहे खतरे के बीच कई तरह की पाबंदियों के साथ संसद का यह बजट सत्र शुरू होने जा रहा है. यहां तक कि पहले दो दिनों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को दो शिफ्टों में चलाने का फैसला किया गया है. कोरोना काल के साथ-साथ यह सत्र चुनावी माहौल में भी शुरू होने जा रहा है.

 

2 फरवरी से कोविड प्रोटोकॉल (Covid Protocol) के तहत लोक सभा और राज्य सभा की कार्यवाही दो शिफ्टों में चलेगी. संसद के उच्च सदन राज्य सभा की कार्यवाही सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर बाद 3 बजे तक चलाने का फैसला किया गया है. इसके एक घंटे बाद यानि शाम 4 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होगी, जिसे रात 9 बजे तक चलाने का फैसला किया गया है. फिलहाल यह व्यवस्था बजट सत्र के पहले चरण यानि 11 फरवरी तक के लिए ही की गई है.

 

पेगासस और किसानों के मुद्दे पर हो सकता है हंगामा

 

संसद सत्र को लेकर सरकार के साथ-साथ विपक्ष ने भी अपनी तैयारी कर ली है. विपक्ष के पास मुद्दों की भरमार है जिसके सहारे वो सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे. संसद सत्र से ठीक पहले पेगासस सौदे को लेकर एक विदेशी अंग्रेजी अखबार द्वारा किए गए खुलासे को लेकर विपक्षी दल सरकार के खिलाफ दोनों सदनों में मोर्चा खोलते नजर आएंगे. पांच राज्यों में हो रहे चुनाव और किसान संगठनों की सक्रियता का असर भी बजट सत्र के पहले चरण में पड़ना तय माना जा रहा है.

 

आपको बता दें कि संसद का यह बजट सत्र दो चरणों में चलेगा. पहले चरण में सदन का सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा और दूसरे चरण के अंतर्गत यह 14 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा.

Source:ABPLIVE